जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के नारायणपुर अंचल क्षेत्र के मदनाडीह गांव में शनिवार की रात करीब 8:30 बजे शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा घर जलकर राख हो गया. यह घर गांव के निवासी विजय दत्त, पिता अवनी दत्त का बताया जा रहा है.

घटना के समय घर के लोग अंदर ही मौजूद थे. अचानक कमरे से धुआं उठता देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. सभी ने तुरंत घर से बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने मिलकर पानी और बाल्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

लेकिन तब तक घर में रखे सभी घरेलू सामान जलकर राख हो चुके थे. आग की तीव्र गर्मी से घर की ढलाई का छत भी फट गया, जिससे मकान को गंभीर क्षति पहुँची है. ग्रामीणों ने बताया कि आग में कपड़े, फर्नीचर, बर्तन और कीमती कागजात सहित करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते, तो आग आसपास के घरों तक फैल सकती थी और एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी.
घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है. पीड़ित परिजनों ने प्रशासन से मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है. वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी सूचना दी गई है.

