जामताड़ा/ Manish Baranwal नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में रविवार को गोपनीय आवासीय कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में निर्वाचन के लिए गठित सभी कोषांगों के वरीय और नोडल अधिकारियों के साथ तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई.

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आदर्श आचार संहिता का किसी भी स्तर पर उल्लंघन नहीं होना चाहिए और सभी कार्य आयोग के दिशा- निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं. उन्होंने कार्मिक, मतपत्र एवं मतपेटिका, सामग्री, परिवहन, विधि व्यवस्था सह आचार संहिता, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, सूचना तकनीकी, नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन एवं जनशिकायत सहित सभी कोषांगों के कार्यों की क्रमवार समीक्षा की.
बैठक में मतदान दलों की सूची, कर्मियों के रेंडमाइजेशन, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर ऑफिसर, सेक्टर पुलिस ऑफिसर और गश्ती दल की तैनाती की प्रगति की जानकारी ली गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कर्मियों का प्रशिक्षण आयोग की गाइडलाइन के अनुसार समय पर पूरा किया जाए और अनुपस्थित रहने वालों से स्पष्टीकरण लिया जाए.
उन्होंने मतपत्रों की छपाई, विखंडीकरण और मतपेटिकाओं की रंगाई- पुताई तथा रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी चेकपोस्ट को सक्रिय रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने को कहा.
उपायुक्त ने सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर मूलभूत सुविधाएं जैसे शौचालय, पेयजल, रैंप, बिजली, प्रकाश और पंखे की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वाहन कोषांग को निर्देशित किया गया कि मतदान दलों के आवागमन के लिए उपयुक्त वाहनों का आकलन कर व्यवस्था सुनिश्चित करें.
उन्होंने चुनाव व्यय की निगरानी, फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक सर्विलांस टीम की सक्रियता तथा विधि- व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी को सभी आदेश और गाइडलाइन जिला वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए एक अधिकारी नामित किया जाए, जो मतदान दलों की समय पर पहुंच और सामग्री उपलब्धता की निगरानी करेगा. वज्रगृह और मतगणना स्थल की सुरक्षा, सीसीटीवी और सुरक्षा बलों की तैनाती पर भी विशेष जोर दिया गया. उन्होंने चेतावनी दी कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारी या कर्मी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सालकर, उत्पाद अधीक्षक, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत जामताड़ा सोमा खंडेत, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष, मोटरयान निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

