जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला खो-खो संघ की एक अहम बैठक बुधवार को संत एंथोनी स्कूल के सभागार में आयोजित की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 4 और 5 अप्रैल को जिला स्तरीय जूनियर एवं सब जूनियर बालक और बालिका खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से दोनों वर्गों में करीब 20 टीमें हिस्सा लेंगी. आयोजन को लेकर संघ के पदाधिकारियों ने तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की और इसे सफल बनाने के लिए आवश्यक रणनीति तय की.
जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि प्रतियोगिता को भव्य और सफल बनाने के लिए संघ की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस तरह के खेल आयोजनों से जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह भी बढ़ता है.
बैठक में जामताड़ा जिला खो-खो संघ के वरीय उपाध्यक्ष डॉ चंचल भंडारी, सचिव नंदन सिंह, संयुक्त सचिव अनीश रंजन, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, सह कोषाध्यक्ष आकाश साव, सीनियर खिलाड़ी राज कुमार हेंब्रम, सुभाष कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

