जामताड़ा: उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उत्पाद विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व संग्रहण, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई, लंबित मामलों तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई.


बैठक में उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जून 2026 तक अवैध शराब से जुड़े 72 अभियोग दर्ज किए गए हैं. कार्रवाई के दौरान 534 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3105 किलोग्राम जावा महुआ, 114.565 लीटर अवैध देशी शराब, 159.63 लीटर बीयर, 60 किलोग्राम पंचवई तथा 45 लीटर सुषव जब्त किया गया है. साथ ही गिरफ्तार, जेल भेजे गए, फरार एवं अज्ञात अभियुक्तों से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई.
उपायुक्त आलोक कुमार ने राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध नियमित रूप से औचक छापेमारी अभियान चलाया जाए. उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में जिले में संचालित 31 अनुज्ञप्तिधारी शराब दुकानों के संचालन एवं राजस्व लक्ष्य की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी दुकानों में निर्धारित ब्रांड के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे तथा किसी भी स्थिति में अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से अधिक कीमत पर शराब की बिक्री न हो. बैठक में उत्पाद अधीक्षक सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





