जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक जामताड़ा के निर्देश पर साइबर अपराध थाना की टीम ने छापेमारी कर तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है.


पुलिस निरीक्षक मो. फारूक के नेतृत्व में पुनि. प्रकाश सेठ, सअनि. ईश्वर मरांडी एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिंगोचिंगो के पास कच्ची सड़क से लगभग 500 मीटर आगे मैदान स्थित तालाब के समीप छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को साइबर ठगी करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमील अंसारी 20 वर्ष, आरीफ अंसारी 26 वर्ष और सलामत अंसारी 26 वर्ष के रूप में हुई है. तीनों ग्राम खुटाबांध थाना करमाटांड़ जिला जामताड़ा के निवासी हैं. पुलिस ने इनके पास से दस फर्जी मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं.
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार साइबर ठग गूगल पर TATA CARD लिखकर लॉगिन करते थे और किसी भी दस अंकों की संख्या डालकर वैध क्रेडिट कार्ड नंबर प्राप्त कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है.

