जामताड़ा/ Yogesh Kumar पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के पतरोडीह लोहरंगी स्थित जंगल झाड़ इलाके में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष छापामारी अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई पुनि. रविन्द्र नाथ यादव के नेतृत्व में पु.नि. चन्द्रमणि भारती, स.अ.नि. ईश्वर मरांडी और पुलिस टीम द्वारा की गई.

छापामारी के दौरान साइबर ठगी में लिप्त दो अपराधियों — रघुनाथ मंडल (44 वर्ष) और रॉकी कुमार मंडल (19 वर्ष), दोनों ग्राम रिगोचिगों, थाना करमाटाड़ को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 10 मोबाइल फोन, 08 सिम कार्ड, 06 एटीएम कार्ड, 02 आधार कार्ड, 02 पैन कार्ड और 01 लेनोवो लैपटॉप बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार आरोपियों की ठगी की पद्धति व्हाट्सऐप नंबर पर RTO E-Challan और Gas Connection के नाम पर APK डाउनलोड लिंक भेजकर मोबाइल में गोपनीय बैंक संबंधी जानकारी हासिल करना और फिर ई-वॉलेट के माध्यम से राशि निकाल लेना था. मुख्य आरोपी रघुनाथ मंडल पूर्व में भी करमाटाड़ थाना कांड संख्या 98/2017 में आईटी एक्ट और धोखाधड़ी के मामलों में आरोप पत्रित रह चुका है.
पुलिस ने बताया कि इनका सक्रिय नेटवर्क बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था. दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

