जामताड़ा/ Manish Baranwal पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी केवाईसी कराने के नाम पर लोगों को APK फाइल भेजकर ठगी करते थे.

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना के पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बड़ापहाड़ी गांव के पास गोड़ापहाड़ी पलास जंगल में छापेमारी अभियान चलाया.
इस दौरान पुलिस ने दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रियाज अंसारी (20 वर्ष) पिता कलीम अंसारी, ग्राम मोहनपुर तथा मुस्ताक अंसारी (20 वर्ष) पिता फिरोज अंसारी, ग्राम बिराजपुर, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है.
पुलिस ने इनके पास से चार फर्जी मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं. इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 15/26, दिनांक 7 मार्च 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारकों को उनके व्हाट्सएप नंबर पर PNB का APK लिंक भेजते थे और मैसेज करते थे कि आपका बैंक खाता बंद हो गया है और केवाईसी कराना जरूरी है.
जब लोग APK फाइल डाउनलोड कर लेते थे तो साइबर अपराधी उनके मोबाइल की गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे और ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी को अंजाम देते थे. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

