जामताड़ा/ Yogesh Kumar पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के निर्देशन में जामताड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर मिहिजाम और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर साइबर ठगी में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने किया. टीम में पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार गुप्ता, प्रशांत कुमार, अमृत कुमार राम सहित अन्य जवान शामिल थे.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीम अंसारी (ग्राम जियाजोरी, थाना मिहिजाम), सद्दाम अंसारी (ग्राम नवाडीह दुर्गापुर, थाना करमाटांड़) और बिरेन्द्र मंडल (ग्राम मोहनपुर, थाना नारायणपुर) के रूप में की है. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, एक आधार कार्ड, ₹44,900 नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है.

एसपी राजकुमार मेहता ने साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों की ठगी की शैली बेहद चौंकाने वाली थी. ये आरोपी Magicpin ऐप के जरिए PhonePe उपयोगकर्ताओं को ₹999 कैशबैक का फर्जी मैसेज भेजते थे. जैसे ही ग्राहक “Accept” करता, पैसा सीधे उनके खाते में चला जाता. इसके बाद वे गिफ्ट कार्ड खरीदकर उसे कमीशन पर बेच देते थे.
इसके अलावा, आरोपी WhatsApp के माध्यम से RTO e-challan या SBI क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजते थे. ग्राहक द्वारा फाइल इंस्टॉल करने पर वे मोबाइल की निजी जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट और नेट बैंकिंग से ठगी करते थे.
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में सक्रिय था. इस मामले में जामताड़ा साइबर थाना कांड संख्या 64/25, दिनांक 14.10.2025 के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
