जामताड़ा/ Manish Baranwal बैंक अधिकारी बनकर एसबीआई खाताधारकों से साइबर ठगी करने वाले दो अपराधियों को जामताड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा की टीम ने करमाटांड थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया.
थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पुअनि० विनोद सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने सकलपुर मुख्य मार्ग से 300 मीटर दाहिनी ओर पलास झुड़, आम पेड़ और तालाब के समीप छापेमारी की. इस दौरान साइबर ठगी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उलफाज अंसारी, उम्र 37 वर्ष, ग्राम कुरूवा तथा सुरज मंडल, उम्र 19 वर्ष, ग्राम बगरूडीह, दोनों थाना करमाटाँड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है.
उनके पास से छह फर्जी मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और दो आधार कार्ड बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, आरोपी एसबीआई खाताधारकों को उनके व्हाट्सएप नंबर पर एसबीआई का फर्जी APK लिंक भेजते थे. मैसेज में खाते के बंद होने और केवाईसी अपडेट कराने का झांसा दिया जाता था. पीड़ितों से APK फाइल डाउनलोड कराकर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल की जाती थी और ई-वॉलेट के माध्यम से राशि की ठगी की जाती थी.
इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 05/26, दिनांक 22.01.2026 दर्ज किया गया है. आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 66 (B)(C)(D) तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

