जामताड़ा/ Manish Barnwal

ई-गवर्नेंस कैटेगरी में साइबर जागरूकता और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला प्रशासन जामताड़ा को प्रतिष्ठित स्कॉच डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है. जिला अंतर्गत 71 उच्च विद्यालयों में साइबर सिक्योरिटी क्लब के गठन के लिए जामताड़ा को सिल्वर कैटेगरी में यह पुरस्कार प्रदान किया गया.
दिनांक 10 जनवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन जामताड़ा की ओर से जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष ने यह अवॉर्ड ग्रहण किया. उपायुक्त रवि आनंद ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं.
उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल साक्षरता, साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन जामताड़ा द्वारा यह पहल की गई. उन्होंने बताया कि जिले के चिन्हित 71 उच्च विद्यालयों में एनआईसी जामताड़ा और सी-डेक पटना के सहयोग से साइबर सिक्योरिटी क्लब का गठन किया गया है.
रवि आनंद ने कहा कि स्कॉच अवॉर्ड में सिल्वर कैटेगरी मिलना जिले के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है. जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का प्रत्येक नागरिक साइबर सुरक्षा को समझे और सुरक्षित तरीके से इंटरनेट का उपयोग करे, ताकि साइबर फ्रॉड से बचा जा सके. उन्होंने कहा कि जामताड़ा की पहचान साइबर अपराध के गढ़ के रूप में नहीं, बल्कि साइबर सिक्योरिटी हब के रूप में विकसित की जा रही है.
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2025 में उपायुक्त रवि आनंद की पहल पर जामताड़ा जिले के 71 उच्च विद्यालयों में इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी एजुकेशन एंड अवेयरनेस (ISEA) के उद्देश्य से साइबर सिक्योरिटी क्लब का गठन किया गया था. इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है. कभी साइबर अपराध में देश में पहले स्थान पर रहने वाला जामताड़ा अब 14वें स्थान पर पहुंच गया है.
उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल युग में बैंकिंग, शिक्षा, संचार, खरीदारी और शासन जैसे क्षेत्रों में इंटरनेट का उपयोग तेजी से बढ़ा है. इसके साथ ही साइबर अपराधों में भी वृद्धि हुई है. ऐसे में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम डिजिटल दुनिया में जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

