जामताड़ा/ Yogesh Kumar घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा व्यापारी समाज को लेकर दिए गए बयान पर संथाल परगना खुदरा व्यवसाय संघ ने कड़ी आपत्ति जताई है. व्यापारियों ने इसे अपमानजनक और अनुचित टिप्पणी बताया है.

संघ के केंद्रीय अध्यक्ष तरुण गुप्ता ने कहा कि व्यापारी समाज हमेशा समाज सेवा और जनहित में खड़ा रहा है. देश हो या प्रदेश, जब भी कोई आपदा आई है, व्यापारी वर्ग ने आगे बढ़कर सहायता प्रदान की है. ऐसे में चुनावी मंच से व्यापारियों को निशाना बनाना और अपमानित करना न्यायसंगत नहीं है.
तरुण गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की मेहनत की कमाई से टैक्स के रूप में सरकार को राजस्व मिलता है, जिससे विकास कार्य और गरीब कल्याण योजनाएं संचालित होती हैं. उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारी वर्ग के योगदान की कद्र करनी चाहिए, क्योंकि व्यापारी शोषक नहीं, बल्कि समाज का मजबूत आधार हैं.
इसी विरोध के तहत जामताड़ा के सुभाष चौक में संघ के सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया. व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने रुख में बदलाव नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
कार्यक्रम में टिंकू साह, मिथुन गुप्ता, मिथिलेश बर्मन, नितेश मंडल, मनोज बजाज, अभय बर्नवाल, राकेश रवानी, सपन यादव, प्रकाश साव, संतोष चौधरी, बबलू गुप्ता, नंदू साव, प्रह्लाद दास, सुबोध मंडल, राम बिनोद सिंह सहित दर्जनों व्यापारी उपस्थित थे.

