जामताड़ा/ Manish Baranwal राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव में विलंब, चुनाव की तिथियों की अनिश्चितता और दलीय आधार पर चुनाव कराने तथा मतदान में EVM का प्रयोग करने की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में स्टेशन चौक मिहिजाम में बुधवार को एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटूल मौजूद थे.

सत्यानंद झा ने कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है. पूरे राज्य में सिर्फ भ्रष्टाचार का बोलबाला है, अधिकारियों को भ्रष्टाचार करने की खुली छूट मिली हुई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकायों में भारतीय जनता पार्टी का प्रभुत्व होने के कारण राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव कराने में रुचि नहीं रखती.
नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत में जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति में अधिकारी बेलगाम होकर भ्रष्टाचार बढ़ावा दे रहे हैं, जिसका सीधा संबंध राज्य सरकार से है.
भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं और पूरे राज्य के साथ- साथ जामताड़ा जिले में भी अपराध बढ़ रहा है. मिहिजाम नगर परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष कमल गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से जिला परिषद का चुनाव बैलेट पेपर से कराकर प्रत्याशी को जबरन जिताया गया, उसी तरह नगर निकाय का चुनाव भी बैलेट पेपर से कराने की योजना है, लेकिन भाजपा इसे EVM से कराने की मांग कर रही है.
कार्यक्रम प्रभारी पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय ने कहा कि राज्य सरकार बार-बार चुनाव टाल रही है और अपने अफसरों के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है.
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और नगर निकाय चुनाव नहीं करवा रही क्योंकि वहां भाजपा पूर्ण बहुमत में है और उनके भ्रष्टाचार को रोकना संभव नहीं होगा. वर्तमान सरकार की कथनी और करनी में स्पष्ट अंतर है और पुलिस व्यवस्था चरमरा गई है.
मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन मिहिजाम नगर अध्यक्ष लोकेश महतो ने किया. मौके पर ज़िला महामंत्री मितेश शाह, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा, भाजपा नेता सुनील हांसदा, महेंद्र मंडल, जिला मंत्री मोहन शर्मा, कार्यालय मंत्री प्रवीण मिश्रा, पुष्पा सोरेन, शुभम साव, अजित पासवान, नीना शर्मा, अनिता शर्मा, संजू देवी, अर्चना गुप्ता, वंशीधर पांडेय, स्वाति सिंह, प्रदीप राउत, दीपक शर्मा, काजू शर्मा, शंकर कापड़ी, मीनू देवी, पंकज कुमार, द्वारिका सिंह, रवि महतो, रथु दास सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.

