जामताड़ा/ Manish Baranwal भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन की कमान एक बार फिर सुमित शरण के हाथों में सौंप दी गई है. झारखंड प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार बुडूडीह स्थित जिला कार्यालय में संगठन पर्व के तहत जिलाध्यक्ष पद की औपचारिक घोषणा की गई. चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता की अगुवाई में सुमित शरण के नाम की पुनः घोषणा की गई. इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में गिरिडीह की भाजपा नेत्री पूनम प्रकाश और जिला चुनाव सह अधिकारी मितेश शाह उपस्थित रहे.

चुनाव अधिकारी बबन गुप्ता ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रतिनिधियों और जिला पदाधिकारियों से मत लिया गया था. सभी मत पत्रों को बंद लिफाफे में प्रदेश नेतृत्व को सौंपा गया, जिसके बाद राष्ट्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास यह लिफाफा भेजा गया. सभी मतों की समीक्षा के बाद पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुमित शरण को पुनः जामताड़ा भाजपा जिला अध्यक्ष चुना गया.
चुनाव पर्यवेक्षक पूनम प्रकाश ने कहा कि जिला कार्यालय में मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई थी. कार्यकर्ताओं का झुकाव स्पष्ट रूप से सुमित शरण की ओर रहा और सभी ने उन्हें दोबारा जिलाध्यक्ष के रूप में चुना.
जिलाध्यक्ष चुने जाने के बाद सुमित शरण ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेश पदाधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए खुशी के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी का क्षण है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि पिछले कार्यकाल की तरह आगे भी सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को मजबूती दी जाएगी.
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सर्कल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री दिलीप हेंब्रम ने किया. मौके पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राधा रानी सोरेन, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो, हरिमोहन मिश्रा, सुनील हांसदा, विनोद मंडल, महेंद्र मंडल, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता, जामताड़ा नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष चंडी चरण दे सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

