जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर निकाय चुनाव के परिणाम से पूर्व राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. 27 फरवरी को प्रस्तावित मतगणना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जामताड़ा उपायुक्त से मुलाकात कर निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने की मांग की.

भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक लिखित आवेदन सौंपा.
उन्होंने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत से भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी चुनाव मैदान में हैं और पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिला है. ऐसे में मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या मतों से छेड़छाड़ की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता.
सुमित शरण ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि मतगणना केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी प्रत्याशियों को समान अवसर मिले और मतदाताओं के जनादेश का सम्मान हो.
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा समर्थित प्रत्याशी के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया. उन्होंने दावा किया कि प्रचार के दौरान पार्टी के बैनर और झंडे हटवाए गए तथा कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी मिलीं.
भाजपा नेताओं ने मांग की कि मतगणना के लिए नियुक्त प्रत्याशी प्रतिनिधियों (काउंटिंग एजेंट्स) को किसी भी प्रकार की बाधा या भेदभाव का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और पारदर्शी निगरानी व्यवस्था होनी चाहिए.
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित आवेदन जिला प्रशासन के साथ- साथ राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेजा है. भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि वे मतगणना प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखेंगे और किसी भी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिला प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मतगणना प्रक्रिया नियमानुसार और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएगी.

