जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड में बंगला एकेडमी के गठन की मांग को लेकर बुधवार को जामताड़ा के कायस्थपाड़ा स्थित संत एंथोनी स्कूल के सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. यह प्रेस वार्ता झारखंड बांग्लाभाषी उन्नयन समिति, जिला जामताड़ा शाखा के बैनर तले आयोजित हुई.

इस मौके पर झारखंड बांग्ला भाषी उन्नयन समिति के राज्य संरक्षक सह झारखंड बंगाली समिति जामताड़ा के अध्यक्ष डॉ डीडी भंडारी ने कहा कि बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी बंगला एकेडमी का गठन होना चाहिए. इससे राज्य में बांग्ला भाषी समुदाय को शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकेंगे.
उन्होंने झारखंड सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिस प्रकार बिहार में बांग्ला एकेडमी का गठन किया गया है, उसी तरह झारखंड में भी बंगला एकेडमी की स्थापना की जानी चाहिए. इससे भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण और विकास को बढ़ावा मिलेगा.
प्रेस वार्ता में समिति के मुख्य सलाहकार डॉ पार्थो बोस, झारखंड बंगाली समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ कंचन गोपाल मंडल, महासचिव चंचल कुमार राय, सलाहकार डॉ चंचल भंडारी, सह कोषाध्यक्ष दीप्ति विराजपाल, कार्यकारिणी सदस्य धनंजय दास और मीडिया प्रभारी काजल राज चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.

