जामताड़ा: जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत श्यामपुर मोड़ में भारतीय जनता पार्टी के जन- जागरण अभियान के तहत VB G RAM G को लेकर जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी शामिल हुए. कार्यक्रम की जिम्मेदारी भाजपा नेता तरुण गुप्ता और सुरेश राय ने संयुक्त रूप से निभाई.

सम्मेलन स्थल पर पहुंचने पर जिला अध्यक्ष तरुण गुप्ता ने शॉल और फूल भेंट कर बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
सभा को संबोधित करते हुए तरुण गुप्ता ने मनरेगा योजना में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जामताड़ा विधायक सह मंत्री डॉ. इरफान अंसारी इसके लिए जिम्मेदार हैं. उनका आरोप था कि ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक पैसे के आधार पर मनरेगा में काम दिया जाता है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार G RAM G के माध्यम से भ्रष्टाचार खत्म करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है.
तरुण गुप्ता ने कहा कि राज्य की सुरक्षा और विकास के लिए एक बार फिर झारखंड की बागडोर बाबूलाल मरांडी को सौंपनी होगी. तभी कानून- व्यवस्था और जनहित सुरक्षित रह सकेगा. वहीं अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि महात्मा गांधी राम राज्य की परिकल्पना करते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को G RAM शब्द से आपत्ति है, इसलिए वह योजना का विरोध कर रही है.
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लंदन दौरे पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिस सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री विदेश गए थे, वह 22 तारीख को ही समाप्त हो चुका था. इसके बावजूद गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर मुख्यमंत्री का विदेश में रहना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री राष्ट्रीय पर्व पर अपने- अपने राज्यों में मौजूद रहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री झारखंड की जनता की गाढ़ी कमाई और अवैध बालू व कोयला कारोबार से अर्जित धन के निवेश के नाम पर विदेश गए हैं. मरांडी ने कहा कि जब राज्य में कानून- व्यवस्था कमजोर हो, भ्रष्टाचार चरम पर हो और दिनदहाड़े गोली चलती हो, तो विदेशी निवेशक यहां निवेश क्यों करेंगे.
मीडिया से बातचीत में मरांडी ने पेसा कानून पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पेसा कानून पहले से अस्तित्व में था, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा लागू नियमावली आदिवासी और आदिम जनजातियों के अधिकारों के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस नियमावली का विरोध करती है और आदिवासी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी.
कार्यक्रम में हरिमोहन मिश्रा, बिरेंद्र मंडल, माधव चंद्र महतो, महेंद्र मंडल, मितेश शाह, प्रदीप रावत, आनंद पोद्दार सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

