जामताड़ा/ Yogesh Kumar राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के मिहिजाम स्थित शिशु विद्या मंदिर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर विद्यालय परिसर में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया और बच्चों के बीच तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में छात्रों ने पूरे उत्साह और देशभक्ति से भागीदारी की.

कार्यक्रम की संयोजक रीता शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रव्यापी उत्सव मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की एकता, अखंडता और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त करने का प्रतीक है.

रीता शर्मा ने कहा, “वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह ऊर्जा, प्रेरणा और देशभक्ति का प्रतीक है. इसके हर शब्द में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है.” उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी इस अवसर को राष्ट्रीय उत्सव के रूप में पूरे देश में मना रही है ताकि इस गीत की गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक बनी रहे. कार्यक्रम का समापन विजेता बच्चों को सम्मानित कर और राष्ट्रगान के साथ किया गया.

