जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय ठेका मजदूर अनिल गुईयां की मौत हो गई. मृतक सरजमदा का ही निवासी था. घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार सरजमदा स्थित रेणु देवी के घर में छत की सेंट्रिंग का काम चल रहा था. साथी मजदूर रामचंद्र देवगम ने बताया कि दोपहर के समय सभी मजदूर काम खत्म कर भोजन करने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे.
इसी दौरान अनिल गुईयां का पैर अचानक फिसल गया. सीढ़ियों पर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगी होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सीधे दूसरी मंजिल से नीचे जमीन पर गिर गया.
हादसे के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अनिल को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही ठेकेदार रवि लोहार भी अस्पताल पहुंचे. निर्माणाधीन मकानों में बिना रेलिंग और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के काम कराने को लेकर इस घटना ने मजदूरों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है.
पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

