जमशेदपुर: मादक पदार्थ के खिलाफ पुलिस ने दो अलग- अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से कुल 45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है.

उलीडीह थाना क्षेत्र के मुर्दा मैदान के पास शुक्रवार देर रात छापामारी कर पुलिस ने देवजीत मंगल को 20 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया. आरोपी उलीडीह कुंवर सिंह रोड का निवासी बताया गया है. पूछताछ में देवजीत ने पुलिस को बताया कि वह ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री का काम करता है और नशीला पदार्थ कपाली से लाता है. कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
वहीं दूसरी ओर बिरसानगर थाना पुलिस ने भी गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार रात कार्रवाई करते हुए रौशन मुंडा उर्फ गुंडा को 25 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार रौशन बिरसानगर क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री करता था. पूछताछ में उसने बताया कि वह सीतारामडेरा की लक्ष्मी कुमारी उर्फ पुतली से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता है. पुलिस ने रौशन मुंडा को शनिवार को जेल भेज दिया है. इस मामले में बिरसानगर थाना में रौशन मुंडा और लक्ष्मी कुमारी के खिलाफ मादक पदार्थ की खरीद- बिक्री से संबंधित मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने संकेत दिया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की भी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

