जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेलनगर रोड नंबर-4 में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. मकान संख्या-14 में रहने वाले लाफार्ज कंपनी के ठेकाकर्मी कृष्णा प्रसाद के घर अज्ञात चोरों ने देर रात धावा बोलते हुए नकद राशि सहित करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए.

यह घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी गुरुवार तड़के करीब चार बजे मिली. बताया गया कि कृष्णा प्रसाद अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहते हैं. मंगलवार रात वे अपने भाई योगेंद्र प्रसाद और दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे. इसी दौरान सुनसान माहौल का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया.
चोर नीचे वाली मंजिल में स्थित कृष्णा प्रसाद के हिस्से में पहुंचे और सभी कमरों की तलाशी ली. इस दौरान उन्होंने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और कीमती सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए. चोरी का खुलासा गुरुवार तड़के उस समय हुआ, जब कृष्णा प्रसाद की पत्नी ऊपर की मंजिल से नीचे आईं. उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा और शोर मचाया. इसके बाद पूरे परिवार को घटना की जानकारी हुई.
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके. पीड़ित कृष्णा प्रसाद के बयान के आधार पर गोविंदपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
कृष्णा प्रसाद के भाई योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी लोग एक साथ ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे और इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

