जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं. बीती रात अज्ञात चोरों ने मेन रोड पर एक के बाद एक पांच दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये नकद और सामान की चोरी कर ली. इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

घटना सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नीलडूंगरी मेन रोड की है, जहां देर रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
चोरों ने सबसे पहले मोहन श्रीवास्तव की राशन दुकान को निशाना बनाया, जहां से करीब तीन हजार रुपये नकद और राशन सामग्री की चोरी की गई. वहीं ठाकुर टुडू की राशन दुकान से लगभग चार हजार रुपये नकद सहित सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया.
इसके अलावा चोरों ने एक लेडीज़ टेलर दुकान और एक स्टेशनरी दुकान के शटर को तोड़ने का प्रयास किया. हालांकि मेन शटर का ताला नहीं टूट पाने के कारण इन दुकानों में चोरी नहीं हो सकी.
दुकानदारों ने बताया कि सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला. दुकानदारों ने कहा कि गनीमत रही कि मेन शटर नहीं टूटा, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था.
पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि रात के समय इलाके में पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग नहीं होती, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने मेन रोड पर बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. दुकानदारों ने कहा कि अगर रात में पुलिस गश्त होती तो इस तरह की घटना नहीं होती.
फिलहाल सभी पीड़ित दुकानदारों ने सुंदरनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. अब देखना यह होगा कि पुलिस कब तक चोरों को गिरफ्तार कर इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगा पाती है.

