जमशेदपुर: कड़ाके की ठंड को देखते हुए सामाजिक संस्था स्व. राम विनोद तिवारी फाउंडेशन ने मानवता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया. फाउंडेशन के अध्यक्ष ब्रजेश तिवारी के नेतृत्व में बीती रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में गरीब महिला, पुरुष और बच्चों के बीच कंबल, साड़ी तथा खाद्य सामग्री का वितरण किया गया.

इस दौरान जरूरतमंदों को बिस्कुट, फल सहित अन्य खाने की सामग्री भी उपलब्ध कराई गई.
अचानक मिली इस सहायता से जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और खुशी देखने को मिली. कार्यक्रम में संस्था के सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे और स्वयं लोगों तक सामग्री पहुंचाई.
इसके बाद फाउंडेशन के सदस्यों ने बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर के बाहर खुले आसमान के नीचे रह रहे लोगों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण किया. ठंड के इस मौसम में संस्था की पहल को लोगों ने सराहनीय बताया.
फाउंडेशन के अध्यक्ष ब्रजेश तिवारी ने बताया कि कड़ाके की ठंड में सड़क, स्टेशन और मंदिर परिसरों के आसपास रहने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए संस्था हर वर्ष इस प्रकार का सेवा कार्यक्रम आयोजित करती है, ताकि जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके और वे कुछ हद तक सुकून महसूस कर सकें.
इस सेवा कार्यक्रम में ब्रजेश तिवारी के साथ हर्षित सिंह, रोहन गुप्ता, सुबो बनर्जी, श्रीजन सिंह और पप्पू दुबे सहित अन्य सदस्य शामिल रहे.

