जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर में गुरुवार देर रात एक युवक की चोर समझकर पीट- पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान राहुल भुईयां के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार राहुल भुईयां ठेला चलाने का काम करता था. गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे वह शौच करने घर से बाहर निकला था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले शिवम शर्मा और अन्य चार- पांच लोगों ने उसे चोर बताकर लोहे की रॉड और डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल राहुल को पुलिस ने एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शुक्रवार सुबह चार बजे उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद शुक्रवार सुबह एमजीएम अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया. स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी निरंजन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी शिवम शर्मा को गिरफ्तार कर थाना ले गए.
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पूर्व में भी जेल जा चुका है. फिलहाल एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

