जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस के समीप रविवार देर शाम एक फ्लैट में अचानक आग लग गई. आग लगते ही इलाके में अफरा- तफरी मच गई. देखते ही देखते आग की लपटें पूरे फ्लैट में तेजी से फैलने लगीं और धुएं का गुबार आसपास फैल गया.

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया.
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फ्लैट में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया. आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दमकल विभाग की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी रही तथा आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई. पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.

