जमशेदपुर: सांसद विद्युत वरण महतो के नेतृत्व में चल रहे तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित बैडमिंटन टूर्नामेंट का रविवार को सफल समापन हो गया. यह टूर्नामेंट 5 दिसंबर से शुरू होकर 7 दिसंबर तक चला. इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले के लगभग ढाई सौ बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

इससे पहले सांसद विद्युत वरण महतो द्वारा खेल महोत्सव के तहत पदयात्रा और मैराथन का आयोजन कराया जा चुका है. अब बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन कराकर बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को खेलों की ओर आकर्षित करना और नशे से दूर रखने के प्रति जागरूकता फैलाना है.
टूर्नामेंट में शहरी क्षेत्रों के साथ- साथ ग्रामीण इलाकों के बच्चों ने भी बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया. ग्रामीण बच्चों ने भी बैडमिंटन खेल में गहरी रुचि दिखाई और शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली.
समापन समारोह के अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने विजयी प्रतिभागियों को कप, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन आगे भी लगातार कराए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाया जा सके.

