जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र से रविवार को छिनतई की एक और घटना सामने आई है, जिससे शहर की कानून- व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. घटना शीतला मंदिर के समीप की है. जहां ऑटो में सवार एक महिला शिक्षिका से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए.

घटना की शिकार महिला शिक्षिका की पहचान हेमलता ठाकुर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हेमलता ठाकुर साकची बाजार में शादी से जुड़ी खरीदारी करने आई थीं. खरीदारी के बाद वह ऑटो में सवार होकर जा रही थीं, तभी अचानक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उनके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए.
पर्स में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड मौजूद था. घटना के बाद पीड़ित महिला शिक्षिका ने साकची थाना पहुंचकर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
पीड़िता ने बताया कि वे ऑटो में बैठी थीं, तभी अचानक बाइक सवार दो युवक आए और उनके हाथ से पर्स झपटकर तेजी से भाग गए. घटना की सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस सक्रिय हुई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से आम लोग दहशत में हैं और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है.

