जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के पुराना जेल चौक के समीप गुरुवार को दो कारों की आमने-सामने भीषण टक्कर में महिला सहित चार लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा नेक्सा कार (संख्या JH05CX-1820) भुईयांडीह की ओर से आ रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रही कार (संख्या WB6T-6840) ने तेज रफ्तार में सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
सूचना मिलते ही साकची थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जप्त कर लिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कार में लगे एयरबैग (बैलून) समय पर खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया, जिससे यात्रियों की जान बच गई. हालांकि, दोनों वाहनों के चालक और सवारों को सिर व हाथ-पैर में चोटें आई हैं. फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच में जुटी है.

