जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. गालूडीह टोल प्लाजा के समीप चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) सूरज हेंब्रम ने किया.

अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना था. जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, कार चालकों के सीट बेल्ट, बसों में ओवरलोडिंग तथा वाहनों में नियमों के विरुद्ध ब्लैक फिल्म के उपयोग की सघन जांच की गई.
परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान 143 से अधिक वाहनों की जांच की. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 55 वाहन चालकों से दंड स्वरूप कुल ₹1,10,000 (एक लाख दस हजार रुपये) का जुर्माना वसूला गया.
इस मौके पर एमवीआई सूरज हेंब्रम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब परिवहन विभाग की जांच लगातार जारी रहेगी. उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों में सड़क हादसों की संख्या में वृद्धि हो रही है, जिसे देखते हुए ओवरलोडिंग और हेलमेट नहीं पहनने वालों पर सख्ती बरती जा रही है.
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे घर से निकलते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं में जान- माल की क्षति को रोका जा सके.

