जमशेदपुर: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला- फुसलाकर भगाकर ले जाने का मामला सामने आया है. घटना के पांच दिन बाद पीड़ित परिवार की ओर से जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

परिवार के अनुसार, यह घटना 8 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे की है, जब नाबालिग लड़की अचानक घर से लापता हो गई. परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिवार ने थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी.
परिजनों ने पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिला अंतर्गत बेलदा गांव निवासी राहुल रजक को इस घटना का आरोपी बनाया है. बताया गया है कि राहुल रजक का पीड़िता के घर पहले से आना- जाना था, जिस कारण परिवार को उसी पर पूरा संदेह है. इसी आधार पर थाना में सीधे नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी और नाबालिग लड़की की तलाश के लिए मोबाइल लोकेशन के माध्यम से उनकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा.
पुलिस ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद करने के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

