जमशेदपुर: ग्रामीण इलाके के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जुड़ी पहाड़ी के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जुड़ी पहाड़ी निवासी होरी हंसदा के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार होरी हंसदा बुधवार सुबह करीब पांच बजे घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस ने शव को पहले पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मृतक के दामाद रामचंद्र महतो ने बताया कि होरी हंसदा उन्हें सुबह पैदल ही हल्दीपोखर छोड़ने गए थे. वहां से घर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ. उन्होंने बताया कि होरी हंसदा पेशे से किसान थे और खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन- पोषण करते थे. उनके सात बच्चे हैं. फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है.

