जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह के प्रख्यात समाजसेवी और जनसंघ- आरएसएस से जुड़े रहे हरिवंश लाल श्रीवास्तव का 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उन्होंने रविवार को मकदमपुर, मुंशी मोहल्ला स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे.

स्व. हरिवंश लाल श्रीवास्तव ने संयुक्त बिहार- झारखंड के दौर में सिंहभूम क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को नई पहचान दिलाने और उसे मजबूत करने में अहम योगदान दिया. वे विहिप के प्रांतीय धर्माचार प्रमुख भी रहे और हिंदुत्व को बल प्रदान करने में उनकी भूमिका हमेशा याद की जाएगी. इसके अलावा उन्होंने जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. वे भारतीय राजनीति के दिग्गज नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के साथ सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे. उनके निधन की खबर से परसुडीह सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. समाज और संगठन ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है. स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. पार्वती घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.

