जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगाझुड़ी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों, परिजनों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया.


मृतक की पहचान सलगाझुड़ी निवासी एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीमा मुंडा के पुत्र सुमित मुंडा के रूप में हुई है. सुमित टाटा मोटर्स में ठेका मजदूर के तौर पर कार्यरत था और रोजाना की तरह सोमवार सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकला था.
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:45 बजे सुमित मुंडा बाइक से टाटा मोटर्स जा रहा था. इसी दौरान सलगाझुड़ी मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि डंपर का पिछला चक्का युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और भाजपा कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गए. युवक की मौत से नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आवासीय क्षेत्र से प्रतिदिन भारी संख्या में बालू लदे डंपर तेज गति से गुजरते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और अवैध बालू परिवहन के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है.
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी या स्थायी नौकरी तथा आवासीय क्षेत्र में भारी वाहनों और डंपरों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की.
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी थी. वहीं फरार डंपर चालक की गिरफ्तारी को लेकर भी लोगों में नाराजगी बनी हुई थी.
सड़क जाम के कारण लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

