जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सएलआरआई गोल चक्कर के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां रुंगटा से पाइप लोड कर डाल्टनगंज जा रहा एक टेलर गोल चक्कर पर टर्निंग के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के दौरान टेलर के पलटते ही उसमें लोड पाइप सामने खड़े एक अन्य टेलर के ऊपर जा गिरे और कई पाइप सड़क पर बिखर गए. टेलर के पलटने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक चालक भागलपुर का रहने वाला बताया जा रहा है.

बताया गया है कि यह दुर्घटना सुबह करीब तीन बजे हुई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटे टेलर को हटवाया. इसके बाद कुछ समय के प्रयास के बाद सड़क पर आवागमन को सामान्य कराया गया.
पुलिस के अनुसार रात के समय तेज रफ्तार के कारण टेलर गोल चक्कर की टर्निंग में असंतुलित हो गया. अनियंत्रित टेलर से लोड पाइप दूसरे टेलर पर जा गिरे, जिससे दोनों वाहन आमने- सामने फंस गए और चालक की जान चली गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

