जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बाइक की आमने- सामने टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीनों युवक सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दुर्घटना में घायल युवकों की हालत अत्यंत गंभीर थी, लेकिन सदर अस्पताल में सिटी स्कैन और अर्थो सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण आवश्यक प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों ने बताया कि घायलों के सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके लिए उन्नत चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता है.
स्थानीय लोगों ने कहा कि सुंदरनगर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा उपायों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है. क्षेत्र के लोगों ने दुर्घटना-प्रवण स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट और अतिरिक्त पुलिस गश्ती की व्यवस्था की मांग की है.
दुर्घटना की सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि घायलों की स्थिति स्थिर होने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों का इलाज चल रहा है.

