जमशेदपुर/ Afroz Mallik राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता राधे प्रसाद यादव का सोमवार प्रातः इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल में निधन हो गया. उनकी अंतिम यात्रा आज दोपहर 2 बजे एग्रिको स्थित आवास L4-81, क्रॉस रोड नंबर-2 से स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के लिए प्रस्थान करेगी.

राधे प्रसाद यादव जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1995 और 2000 में जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ चुके थे. उनके निधन पर राजद नेता और आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि राधे प्रसाद यादव न केवल उनके राजनीतिक गुरु थे बल्कि अभिभावक के समान थे.
पुरेन्द्र नारायण सिंह ने अपने शोक संदेश में बताया कि वर्ष 1990 से 2005 तक उन्होंने यादव जी के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम की युवा राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई. वे अंतिम समय तक राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर उनसे मार्गदर्शन प्राप्त करते रहे. उनका निधन क्षेत्र की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है.

