जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा में बुधवार देर शाम चाईबासा कॉलेज के प्रोफेसर रोहन श्रीवास्तव ने आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं. आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है.

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम रोहन ने अपनी पत्नी से चाय बनाने को कहा और इसके बाद वह कमरे में चला गया. कुछ देर बाद जब पत्नी कमरे में पहुंची तो देखा कि रोहन ने फांसी लगाकर जान दे दी है. कमरे में लगे आईने पर उसने अपनी पत्नी के नाम से जुड़ा संदेश “सॉरी मोटो” लिखा था. इसके अलावा, उसके पैर के तलवे पर “मनी” शब्द भी लिखा हुआ मिला.
बताया जा रहा है कि रोहन की हाल ही में शादी हुई थी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और “मनी” शब्द लिखने के पीछे की वजह को भी समझने का प्रयास कर रही है. वहीं, परिजनों ने फिलहाल किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

