जमशेदपुर: 26 फरवरी को एक शहर ऐतिहासिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर का भूमि पूजन और शिलान्यास संपन्न होगा.

कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. साथ ही मंत्री जोबा मांझी, सांसद विद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय और विधायक पूर्णिमा साहू के अलावा टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन भी कार्यक्रम में मंच साझा करेंगे.

कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को मॉक ड्रिल और ड्राई रन कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उपायुक्त के नेतृत्व में अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर प्रोटोकॉल को अंतिम रूप दिया.

राष्ट्रपति दोपहर 12.20 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी और 1.20 बजे प्रस्थान करेंगी. भूमि पूजन उनके कर- कमलों द्वारा संपन्न होगा. कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भोग की व्यवस्था की गई है. करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र 2.5 एकड़ भूमि में विकसित होगा. मंदिर पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर लगभग 90 फीट ऊंचा बनाया जाएगा. स्पिरिचुअल सेंटर दो वर्ष में और मुख्य मंदिर चार वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य है. परियोजना का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और युवाओं में नैतिक मूल्यों, योग और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है.

