जमशेदपुर: जेएनयू से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सोमवार को जमशेदपुर का बिष्टुपुर इलाका सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया. कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने- सामने आ गए. तीखी नारेबाजी के बीच विवाद इतना बढ़ा कि लाठी चलने और पत्थरबाजी की घटना सामने आई. इस दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता के सिर में चोट लगने की सूचना है. घटना के विरोध में जमशेदपुर पूर्वी की भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू धरने पर बैठ गईं.


जानकारी के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी. इसके तहत भाजपा कार्यकर्ता जी टाउन मैदान से जुलूस निकालकर तिलक पुस्तकालय पहुंचे. वहां पहले से मौजूद कांग्रेस समर्थकों के साथ उनका टकराव हो गया. दोनों पक्षों की नारेबाजी के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
सड़क पर सियासी टकराव, पुलिस के सामने कानून- व्यवस्था की चुनौती
इस घटना ने राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून- व्यवस्था और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक भाजपा कार्यकर्ता के घायल होने की सूचना है, हालांकि लाठी और पत्थरबाजी की शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.
तनाव को देखते हुए तिलक पुस्तकालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है. वहीं, विधायक पूर्णिमा साहू के धरने पर बैठने से मामला और राजनीतिक रूप से गरमा गया है.
फिलहाल दोनों दलों के आरोपों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है. ऐसे में पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के आधिकारिक बयान महत्वपूर्ण होंगे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

