जमशेदपुर: आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी की हत्या की कथित साजिश का जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा किया है. कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर 14 के समीप हथियारों के साथ जुटे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है. इनके पास से दो देसी सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल, 19 जिंदा गोलियां और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है. सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी पुरानी रंजिश में विक्की नंदी को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे.


गुप्त सूचना पर छापेमारी, पुलिस को देख भागने लगे चारों
सिटी एसपी ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कदमा फार्म एरिया रोड नंबर 14 के पास हथियारों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम जब फार्म एरिया स्थित मैदान के पास पहुंची तो चार लोग एक साथ बैठे मिले. पुलिस को देखते ही चारों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. तलाशी के दौरान हथियार और गोलियां बरामद हुईं.
विक्की नंदी से विवाद के बाद बदला लेने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले शक्ति बिमर का आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी से विवाद हुआ था. इसी रंजिश में आरोपियों ने कथित तौर पर विक्की नंदी से बदला लेने की योजना बनाई थी. पुलिस का दावा है कि आरोपी हथियारों के साथ कदमा फार्म एरिया में एकत्र हुए थे. समय रहते कार्रवाई होने से संभावित आपराधिक वारदात टल गई. हालांकि, साजिश के अन्य पहलुओं की जांच जारी है.
तीन गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा के शास्त्रीनगर निवासी शक्ति बिमर (25 वर्ष), सोनारी के मरारपाड़ा निवासी धीरज पटेल उर्फ बीरी (करीब 25 वर्ष) और चेतन ठाकुर (करीब 21 वर्ष) के रूप में हुई है. इनके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. पुलिस के अनुसार, शक्ति बिमर के पास से एक देसी सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल और छह जिंदा गोलियां, धीरज पटेल के पास से एक पिस्तौल, छह गोलियां और एक स्मार्टफोन, चेतन ठाकुर के पास से चार गोलियां तथा नाबालिग के पास से तीन गोलियां बरामद हुई हैं.
तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, शक्ति बिमर के खिलाफ कदमा और परसुडीह थानों में छह मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले भी शामिल हैं. धीरज पटेल उर्फ बीरी के खिलाफ सोनारी थाना में चार और चेतन ठाकुर के खिलाफ एक मामला पूर्व से दर्ज है.
इस मामले में कदमा थाना कांड संख्या 115/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

