जमशेदपुर: पुलिस ने जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में हुई फायरिंग, रंगदारी और तोड़फोड़ की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक स्कूटी और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.


सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 31 मई को इम्तियाज जनरल स्टोर के संचालक मोहम्मद इम्तियाज के साथ मारपीट कर दुकान में तोड़फोड़ की गई थी. आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग भी की थी. शिकायत के आधार पर जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया था.
जांच के दौरान पुलिस ने मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मो. अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आसिफ अंसारी और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार पलटन ने ही फायरिंग की थी. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मामले दर्ज हैं. मामले की जांच जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.



