जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र से बीते 9 जनवरी से लापता 14 वर्षीय बालक को पुलिस ने महाराष्ट्र से सुरक्षित बरामद कर लिया है. बालक को तकनीकी इनपुट और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए खोजकर उसके माता- पिता को सौंपा गया. पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी की रात ह्यूम पाइप, सीतारामडेरा निवासी अनिल कुमार सिंह ने साकची थाना में लिखित सूचना दी कि उनका पुत्र दुकान के पास से लापता है.

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर खोज की और तकनीकी इनपुट व ह्यूमन इंटेलिजेंस के माध्यम से बालक की तलाश तेज की. जांच के दौरान बालक की लोकेशन महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में मिली. सूचना मिलते ही विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बालक को सुरक्षित बरामद किया. बरामदगी के बाद बालक को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया.

