जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर रोड नंबर-2 में झामुमो नेता मनौव्वर हुसैन के पुत्र के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किए जाने के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त अख्तर हुसैन उर्फ चीकू को लेकर नया विवाद सामने आया है. फरारी के दौरान सार्वजनिक कार्यक्रम में उसकी मौजूदगी की जानकारी से पुलिस प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरार अभियुक्त अख्तर हुसैन ने बर्मामाइंस के कैरिज कॉलोनी स्थित ओड़िया क्लब में आयोजित अपनी पुत्री के विदाई समारोह में कथित रूप से भाग लिया. समारोह में उसकी खुलेआम मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. बताया जा रहा है कि इस मामले में अब भी दो से तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं.

स्थानीय सूत्रों के अनुसार विदाई समारोह के दौरान फरार अभियुक्तों को स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी के साथ भी देखा गया. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान विधायक मंगल कालिंदी और आरोपी एक कमरे में बैठकर आपसी बातचीत करते नजर आए. हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
गौरतलब है कि इस मारपीट कांड में शामिल दो आरोपी मोहम्मद शकील उर्फ पयाजु और मोहम्मद नौशाद को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. दोनों फिलहाल घाघीडीह जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं. वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं.
घटना को लेकर मखदुमपुर और आसपास के इलाकों में रोष का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आरोपी खुलेआम सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं तो आम जनता में कानून का डर कैसे बना रहेगा. लोगों ने पुलिस प्रशासन से फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. इस मामले से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजरें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.

