जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में स्थित P&M Hi‑Tech City Centre Mall से जुड़ा एक आर्थिक विवाद सामने आया है. मॉल में दुकान चलाने वाले एक व्यवसायी ने मॉल के प्रधान मैनेजर और उनकी पत्नी पर 4 लाख 45 हजार रुपये गबन करने का आरोप लगाते हुए बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.


शिकायतकर्ता विकास कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह मॉल में व्यवसाय करते हैं. उनके अनुसार मॉल के मैनेजर प्रसेनजीत गुप्ता ने अपनी पत्नी की बीमारी और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर उनसे रुपये उधार लिए थे.
आवेदन के अनुसार वर्ष 2024 से 2025 के बीच कई किस्तों में चेक और नकद के माध्यम से कुल 4 लाख 45 हजार रुपये दिए गए. बाद में रुपये वापस मांगने पर आरोप है कि प्रसेनजीत गुप्ता और उनकी पत्नी देवलीना गुप्ता ने टालमटोल शुरू कर दी. पीड़ित का कहना है कि रुपये लौटाने के लिए एक चेक दिया गया, लेकिन बैंक में जमा करने पर वह बाउंस हो गया. इसके बाद जब उन्होंने दोबारा रुपये मांगे तो दोनों आरोपियों द्वारा गाली- गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. पीड़ित ने मामले में पुलिस से जांच कर दोनों आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

