जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को बिरसानगर में पीएम आवास योजना (शहरी) के घटक-3 के तहत बन रही किफायती आवास परियोजना का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन दो टॉवरों में हो रहे कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की विस्तार से समीक्षा की. बताया गया कि दोनों टॉवरों में लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. उपायुक्त ने संवेदकों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर शेष कार्य पूरा कर लिया जाए ताकि लाभुकों को शीघ्र आवास उपलब्ध हो सके. उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहरी गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है और इसमें अब किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मजदूरों की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी के भुगतान और कार्यस्थल पर सुरक्षात्मक मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने बिजली, पेयजल, ड्रेनेज और पहुंच पथ जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया. उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों के शिफ्टिंग के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अग्रिम तैयारी की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन की प्राथमिकता हर योग्य लाभुक को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार हो.

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम चंद्रजीत सिंह, कार्यपाल अभियंता दीपक सहाय सहित अन्य तकनीकी पदाधिकारी और संवेदक मौजूद थे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
