जमशेदपुर: पुलिस ने बीते 8- 9 जनवरी की रात्रि में परसुडीह थाना क्षेत्र में घटित चोरी कांड का सफलतापूर्वक खुलासा कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में विकास महतो, संजय कुमार और राजेश शर्मा शामिल हैं.

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह निवासी ओम प्रकाश नारायण के बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. इस चोरी में 35 हजार रुपये नगद, जेवरात, लैपटॉप और मोबाइल समेत अन्य कीमती सामान चोरी हो गया था. पुलिस के अनुसार, मामले की छानबीन के दौरान तीन अपराधी विकास महतो, संजय कुमार और राजेश शर्मा संलिप्त पाए गए. इनके कब्जे से चोरी की कई वस्तुएं जब्त की गई हैं, जिनमें 5000 रुपये नगद भी शामिल हैं.
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्त में आए अपराधियों में से संजय कुमार और विकास महतो का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है. दोनों पर पूर्व में विभिन्न चोरी और आपराधिक मामलों में केस दर्ज है.
पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान के प्रयास जारी हैं.

