जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के रोटरैक्ट क्लब ने शनिवार को सुंदरनगर स्थित चेशायर होम में प्री- दिवाली समारोह का आयोजन किया. इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने बुजुर्गों के बीच मिठाइयां, फल, चॉकलेट और कपड़े वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी.

कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ गीत- संगीत और नृत्य के माध्यम से मनोरंजन किया. वातावरण पूरी तरह से उत्साह और अपनत्व से भर गया. सभी ने दीपावली के इस अवसर को परिवार की तरह मनाया.

रोटरैक्ट सदस्यों ने अपने घरों से व्यक्तिगत योगदान भी दिया. कुल ₹8390 की राशि एकत्रित की गई, जिससे सुंदर मोमबत्तियां और दीये खरीदे गए. यह योगदान चेशायर होम की जरूरतों को पूरा करने में सहायक रहेगा.
क्लब सदस्यों ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का प्रतीक है. बुजुर्गों के साथ समय बिताने से उन्हें जीवन का अनमोल अनुभव मिला. इस पहल ने विद्यार्थियों के मन में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना को और मजबूत किया.
रोटरैक्ट क्लब के संयोजक ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन लगातार जारी रहेगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक खुशियां पहुंचाई जा सकें.

