जमशेदपुर: शहर से होकर गुजरने वाले एनएच-33 पर रविवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब घाटशिला की ओर से आ रहे भारत पेट्रोलियम के एक टैंकर के पीछे एक कार घिसटती हुई देखी गई. कार संख्या JH05CH-7339 को टैंकर काफी दूर तक अपने साथ घसीटता रहा. दृश्य बेहद भयावह था, लेकिन गनीमत यह रही कि कार में कोई सवार नहीं था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान टैंकर के पिछले हिस्से से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद कार टैंकर में फंस गई और चालक को इसका एहसास नहीं हुआ, जिससे कार टैंकर के पीछे घिसटती चली गई. राहगीरों ने शोर मचाकर अन्य वाहनों को सतर्क किया. इसी बीच MGM थाना पुलिस की पुलिस की नजर इस अजीबोगरीब दृश्य पर पड़ी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर को रुकवाया. हालांकि पुलिस को देखते ही टैंकर चालक मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस टैंकर चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोषी चालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

