जमशेदपुर/ Afroj Mallick

टेल्को थाना क्षेत्र में एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है.
पुलिस के अनुसार घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को टेल्को थाना क्षेत्र में लाकर फेंक दिया गया. पुलिस ने बताया कि जिस स्थान से शव बरामद हुआ है, वहां खून के निशान, संघर्ष के संकेत या कोई अन्य आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है. इससे इस आशंका को और बल मिलता है कि वारदात कहीं और अंजाम दी गई है.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. युवक कहां का रहने वाला है, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके.
टेल्को थाना पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है. आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

