जमशेदपुर: राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को नगरपालिका चुनाव 2026 की घोषणा किए जाने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता कर चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि 28.01.2026 को पूर्वाह्न 11 बजे प्रपत्र-5 में निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन किया जाएगा. नाम निर्देशन की प्रक्रिया 29.01.2026 से 04.02.2026 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी. नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 05.02.2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगी. अभ्यर्थिता वापस लेने की तिथि 06.02.2026 निर्धारित की गई है. निर्वाचन प्रतीक का आवंटन 07.02.2026 को किया जाएगा.
मतदान, यदि आवश्यक हुआ, तो 23.02.2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक संपन्न होगा. मतगणना 27.02.2026 को पूर्वाह्न 8 बजे से शुरू होगी.
मानगो नगर निगम के निर्वाची पदाधिकारी निदेशक एनईपी संतोष कुमार गर्ग बनाए गए हैं. जुगसलाई नगर परिषद के निर्वाची पदाधिकारी विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल आनंद होंगे. चाकुलिया नगर पंचायत के निर्वाची पदाधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला सुनील चंद्र को नियुक्त किया गया है.
नाम निर्देशन के लिए मानगो नगर निगम में महापौर पद हेतु अपर उपायुक्त के कार्यालय कक्ष को स्थल बनाया गया है. जुगसलाई नगर परिषद के लिए विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी का कार्यालय कक्ष तथा चाकुलिया नगर पंचायत के लिए अंचल अधिकारी चाकुलिया का कार्यालय कक्ष निर्धारित किया गया है.
चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए 13 कोषांगों का गठन किया गया है, जिनमें निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र, सामग्री, वाहन, विधि व्यवस्था, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय लेखा, सूचना तकनीकी और नियंत्रण कक्ष शामिल हैं.
मानगो नगर निगम में कुल 36 वार्ड, 190 मतदान केंद्र और 1,96,791 मतदाता हैं. जुगसलाई नगर परिषद में 22 वार्ड, 41 मतदान केंद्र और 44,239 मतदाता पंजीकृत हैं. चाकुलिया नगर पंचायत में 12 वार्ड, 18 मतदान केंद्र और 12,587 मतदाता मतदान करेंगे.
आरक्षण की स्थिति के अनुसार मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के महापौर पद अनारक्षित (महिला) हैं. चाकुलिया नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति (महिला) के लिए आरक्षित है.

