जमशेदपुर, 15 जून: जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो और झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के बीच एक अहम बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांगों और यात्रियों को हो रही वर्तमान समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई.



बैठक में टाटानगर से बीकानेर (जयपुर और रिंगस होते हुए) के लिए नई सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की गई. इसके अलावा टाटानगर से दिल्ली के लिए एक नई ट्रेन (मूरी, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा मार्ग से) चलाने का प्रस्ताव भी सामने रखा गया.
पुरानी ट्रेनों को पुनः शुरू करने की मांग.
पूर्व में चलने वाली टाटानगर- मुंबई (एलटीटी) अंत्योदय एक्सप्रेस सेवा को स्लीपर, एसी, जेनरल कोचों के साथ एक नए द्विसाप्ताहिक ट्रेन के रूप में पुनः शुरू करने की मांग भी की गई. 08611/12 संतरागाछी- अजमेर स्पेशल ट्रेन का विस्तार जयपुर तक करने का सुझाव भी रखा गया.
ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग.
बैठक में 12889/90 टाटानगर- बेंगलुरु एसएमवीटी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी को साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि- साप्ताहिक करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई. सांसद श्री महतो ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को शीघ्र ही रेल मंत्री से मुलाकात कर आवश्यक कार्यवाही का आग्रह करेंगे.





